रांची में मुस्लिम कलाकारों ने बनाया अनूठा रावण, सीएम हेमंत सोरेन करेंगे वध | Muslim artists made unique Ravana in Ranchi, CM Hemant Soren will kill


Samachar

oi-Foziya Khan

|

Google Oneindia News

रांची,4 अक्टूबरः राजधानी रांची में रावण वध की तैयारी कर ली गई है। दशहरा के दिन झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रावण का वध करेंगे। रांची के मोरहाबादी मैदान में पहली बार रावण कुछ खास नजर आएगा। यहां इसबार रावण को नए अंदाज में बनाया गया है। जैसे ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उसका वध करेंगे, उसके सिर से तीन रंगों का फव्वारा निकलता दिखेगा। यही नहीं उसकी नाभि से चकरी पटाखे फूट पड़ेंगे। आयोजकों ने इसबार नए अंदाज में रावण को पेश करने की योजना तैयार की है। कोरोना काल के बाद यह पहला अवसर होगा, जब इतने बड़े उत्साह के साथ रावण वध होगा।

ravan

मोरहाबादी में दिखेगा 70 फीट का रावण

रांची में विजयादशमी धूमधाम से मनाया जाता है। इसकी तैयारी पंजाबी-हिंदू बिरादरी करती है। इसी बिरादरी ने इस बार रावण दहन समिति बनाकर यह तैयारी की है। समिति के अध्यक्ष राजेश खन्ना ने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा- समिति इस वर्ष 74वां विजयादशमी मना रही है। इस वर्ष रावण 70 फीट का होगा। कुंभकर्ण 65 फीट का होगा। मेघनाथ 60 फीट का बनाया गया है। वहीं सोने की लंका 30 बाई 30 की होगी। इस साल रावण के सिर के ऊपर से तीन रंगों के फव्वारा आकर्षण का केंद्र होगा।

रांची डाकघर, हरमू व अनगड़ा में भी आयोजन

उधर, राजधानी रांची के डाकघर के पास भी 12 फीट का रावण बनाया गया है। इसके अलावा हरमू मैदान और अनगड़ा आदि जगहों पर भी रावण दहन की तैयारी की गई है। दो साल बाद रावण दहन का कार्यक्रम होने से लोगों का उत्साह कुछ ज्यादा नजर आ रहा है। हर कोई रावण दहन देखने की तैयारी कर रहा है। हालांकि मौसम विभाग ने कहा है कि रावण दहन के समय बारिश की आशंका है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की भी जरूरत है।

पहली बार 1952 में जलाया गया था रावण

रावण दहन समिति के मीडिया प्रभारी अरुण चावला कहते हैं कि रांची के मोरहाबादी मैदान में पहली बार 1952 में रावण दहन का आयोजन किया गया था। वर्ष 1952 में फिरोजपुर पंजाब के स्व अमीर चंद फतीजा ने 10 फीट का पुतला बनाकर इसकी शुरुआत की थी। इसके बाद से लगातार मोरहाबादी मैदान रांची में रावण दहन का आयोजन होता चला आ रहा है।

मुस्लिम कारीगर बना रहे रावण का पुतला

मालूम हो कि रांची में पिछले 25 साल से रावण, कुंभकरण और मेघनाथ का पुतला बनाने का काम मुस्लिम समुदाय के कलाकार करते आ रहे हैं। इस साल भी मुस्लिम कलाकार ही इन पुतलों को बना रहे हैं। मोहम्मद मुस्लिम इन कलाकारों का नेतृत्व कर रहे हैं। कुल 17 कलाकार दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। इनमें 12 मुस्लिम कलाकार शामिल हैं।

कोलकाता की टीम करेगी आतिशबाजी

इस साल रावण दहन पर कई कार्यक्रम होंगे। सिल्ली का पाइका नृत्य, जमशेदपुर का छऊ नृत्य और शिवाकाशी कोलकाता की आतिशबाजी का लोग आनंद उठा सकते हैं। यह आयोजन का मुख्य आकर्षण होगा। इन तीनों में से जो बेहतर प्रदर्शन करेगा, उसे सम्मानित करने की भी योजना है।

सुरक्षा के लिए 500 जवानों की तैनात भी

उधर, रावण दहन के दिन आयोजन स्थल पर लोगों की सुरक्षा के लिए 500 जवानों की तैनाती रहेगी। पुलिस का कहना है कि रावण दहन के दौरान सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किया गया है। सभी जवानों को आदेश दिया गया है कि दोपहर से अपने अपने स्थल पर ड्यूटी पर तैनात हो जाएं। एसएसपी ने सुरक्षा की पूरी जिम्मेवारी सिटी एसपी को दी है।

English summary

Muslim artists made unique Ravana in Ranchi, CM Hemant Soren will kill

Story first published: Tuesday, October 4, 2022, 12:11 [IST]



Source link

Add a Comment

Your email address will not be published.