सीएम मान एक-एक करके खोलेंगे भ्रष्टाचार की पोल, रडार पर कई पंजाब के नेता | Punjab CM Bhagwant Mann to probe Congress leaders for corruption
Samachar
oi-Love Gaur
जालंधर: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के निशाने पर अभी कई और कांग्रेसी हैं जिन्हें लेकर यह चर्चा शुरू हो गई है कि कांग्रेस नेता कैप्टन संदीप संधू के बाद अब किसका नंबर लगने वाला है। सत्ता में आने के बाद से मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर विशेष अभियान शुरू किया हुआ है, जिसके तहत अब तक पूर्व मंत्री डॉ. साधु सिंह धर्मसोत, भारत भूषण आशु के अलावा अमृतसर तथा लुधियाना इम्प्रूवमैंट ट्रस्टों के चेयरमैनों के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर केस दर्ज किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पिछले दिनों विधानसभा में संकेत दिए थे कि वह पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी से भी कई फाइलों को लेकर जानकारी जुटाना चाहते हैं परंतु चन्नी विदेश में हैं। इसी तरह से भगवंत मान ने यह भी संकेत दे दिए हैं कि भ्रष्टाचार में चाहे कोई भी संलिप्त हो उसे बख्शा नहीं जाएगा। आम आदमी पार्टी जिसका गठन दिल्ली में अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के बाद हुआ था, ने भ्रष्टाचार को लेकर लगातार पिछले 6 महीनों से अभियान चलाया हुआ है। मुख्यमंत्री के निकटवर्तियों का मानना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ यह अभियान अभी रुकने वाला नहीं है। विजिलेंस ब्यूरो को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने फ्री हैंड किया हुआ है और निर्देश दिए हैं कि भ्रष्टाचार के मामलों को उजागर किया जाए इसलिए विजिलेंस द्वारा अभी भी अंदरखाते कई मामलों में जांच का कार्य किया जा रहा है।
पंजाब सरकार जारी करेगी कांग्रेसी नेताओं पर रिपोर्ट, जानें पूरा मामला
मुख्यमंत्री की सोच है कि भ्रष्टाचार से संबंधित मामलों को धीरे-धीरे उजागर किया जाए। वह एकदम सभी मामलों को उजागर करने के पक्ष में नहीं हैं। इस अभियान को वह अगले एक-डेढ़ वर्षों तक जारी रखना चाहते हैं। अभी भी कई पूर्व मंत्रियों के मामले सरकार के पास विचाराधीन हैं। इसी तरह से कई बोर्डों, कार्पोरेशनों के चेयरमैनों तथा कई इम्प्रूवमैंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैनों के भ्रष्टाचार के मामले सरकार के पास विचाराधीन हैं और आने वाले समय में एक-एक करके इन मामलों को सरकार द्वारा उजागर करके केस दर्ज किए जा सकते हैं।
English summary
Punjab CM Bhagwant Mann to probe Congress leaders for corruption
Story first published: Thursday, October 6, 2022, 18:22 [IST]